ये जिंदगी प्यारी सी मन को मोह लेने वाली जिन्दगी , इसमें कितने भी तुफान हों और कितनी भी मुश्किलों ने घेरा हो फिर भी ये अपनी तरफ खिंचती है एक अजीब सा आकर्षण होता है इसमें | बहुत छोटी सी होती है ध्यान से सोचो तो कुछ पल पर इन्हीं कुछ पलों में हम कितना कुछ पा लेना चाहते हैं सब कुछ समेट लेना चाहते हैं अपनी मुट्ठी में | पर कुछ न कुछ तो रेत की तरह फिसल ही जाता है कभी कोई एक खुशी समेटने की चाह में कुछ और हाथ से निकल जाता है | सब कुछ ही हासिल कर लेने की चाह को छोड़ कर जितना है उसके लिए शुक्रिया करना चाहिए क्योंकि बहुत से लोग ऐसे भी हैं जिनको उतना भी हासिल नहीं है जितना तुम्हारे पास है और तुम्हारी ज़िंदगी जिनको सपनों जैसी लगती है इसलिए प्रभु की हर रजा में राजी रहने की कोशिश करनी चाहिए थोड़ा मुश्किल लगता है पर अच्छे से कोशिश करें तो हो जाता है | मन को अपने हिसाब से चलना सिखाना पड़ता है ये जिद्दी बच्चा है पर थोड़ा सा सख्ती से पेश आओगे तो सीख जाता है | हर एक पल में कुछ न कुछ ऐसा होता है जिसके लिए शुक्रिया कहना ही चाहिए और जो किसी चमत्कार से कम नहीं लगता जैसे कि कभी सड़क पर चलते हुए ठोकर खा कर गिरते गिरते इसलिए बच जाना क्योंकि किसी ने पीछे से अचानक आकर सम्भाल लिया या फिर कोई मधुमक्खी आपको काटने ही वाली थी पर किसी ने देख लिया और उसको आपसे दूर हटा दिया या फिर आप सड़क पर अपने ध्यान में चल रहे हैं और कोई गाड़ी पीछे से आपकी तरफ आ रही हो और किसी ने अचानक पीछे खींच लिया हो, ये सब आशीर्वाद होते हैं जिनके कारण से आप बहुत बड़ी मुसीबत से बच जाते हैं इसलिए शुक्रिया कहना चाहिये हर एक बीत रहे पल के साथ शुक्रिया शुक्रिया शुक्रिया....दो पल का ये जीवन कब बीत जायेगा पता भी नहीं चलेगा इसलिए हसीन पलों को जितना हो सके अपनी मुट्ठी में समेट लो क्योंकि यही बस अपने हैं बाकी तो सब सपने हैं...........सिर्फ सपने
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें